देहरादून:
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप और राज्य सरकार के निरंतर प्रयासों से पिथौरागढ़ जिले के दो सगे भाई, आनंद सिंह कार्की और भूपेंद्र सिंह कार्की, करीब 97 दिनों तक रूस में फंसे रहने के बाद मंगलवार को सुरक्षित भारत लौट आए।
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, दोनों भाइयों की सुरक्षित वापसी के बाद सीएम धामी ने फोन पर उनसे बातचीत कर उनका हालचाल जाना और परिवार के सदस्यों से भी पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली।

कैसे फंसे थे दोनों भाई
जानकारी के अनुसार, दोनों भाइयों को सितारगंज स्थित एक ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से विदेश में बेहतर रोजगार का झांसा देकर रूस भेजा गया था। इसके बाद वे लंबे समय तक वहां फंसे रहे, जिससे परिवार में गहरी चिंता और अनिश्चितता का माहौल बना रहा।
परिवार ने जताया आभार
लंबे इंतजार के बाद बेटों की सुरक्षित वापसी पर परिवार ने राहत जताई और मुख्यमंत्री के संवेदनशील हस्तक्षेप तथा त्वरित प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
सीएम धामी ने क्या कहा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यदि उत्तराखंड का कोई भी नागरिक विश्व में कहीं भी संकट में फंसता है, तो राज्य सरकार उसकी सहायता के लिए हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा, सम्मान और हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों में राज्य सरकार केंद्र सरकार, विदेश मंत्रालय और संबंधित भारतीय दूतावासों के साथ समन्वय स्थापित कर हरसंभव सहायता सुनिश्चित करती है।
स्थानीय नेताओं ने भी जताई प्रतिक्रिया
इस अवसर पर वरिष्ठ उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) नेता काशी सिंह ऐरी और समाजसेवी रामदेव वर्मा ने भी दोनों भाइयों की सुरक्षित वापसी पर प्रसन्नता जताई।